छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 24 जून को राज्य के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है
अगले 24 से 48 घंटों के दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
रायपुर मौसम केंद्र के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई, जबकि दंतेवाड़ा और रायगढ़ जिले में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। अगले दो दिनों तक कुछ इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण छत्तीसगढ़ में मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से खरीफ फसलों की बुवाई को गति मिलेगी और किसानों को राहत मिलेगी।


