कलेक्टर ने छात्रों का मार्गदर्षन करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए किया प्रोत्साहित
जशपुरनगर 28 जुलाई 2021
कलेक्टर श्री महादेव कावरे ने विगत दिवस विकासखंड फरसाबहार के तपकरा में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत् संचालित शिक्षण संस्थान का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री के.एस. मण्डावी, एसडीएम फरसाबहार श्री चेतन साहू, जनपद सीईओ एस.सी. कछवाहा, संस्थान के अध्यक्ष श्री सुशील मिश्रा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने संस्थान में फायर सेफ्टी का प्रशिक्षण ले रहे छात्रों से कोर्स तथा विभिन्न आपातकालीन स्थिति से निपटने के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रयोगशाला एवं प्रयोगिक उपकरण का अवलोकन करते हुए उनके उपयोगों के बारे में छात्रों से जाना। कलेक्टर ने सभी छात्रों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रदान की।
संस्थान के अध्यक्ष श्री मिश्रा ने कलेक्टर को जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में उनकी संस्थान डीएमएफ मद से संचालित है। संस्थान में प्रवासी अकुशल श्रमिकों का कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार प्राप्त हो सके। उन्होंने बताया कि संस्थान में फायर सेफ्टी, सिक्योरिटी गार्ड,हॉस्पिटैलिटी, सहित अन्य कोर्स के संबंध में प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रदान किया जाता है। वर्तमान में फायर सेफ्टी कोर्स के लिए 20 छात्र-छात्राओं को आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह संस्थान 2016 से संचालित है एवं अब तक संस्थान से 2200 से अधिक छात्रों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है जिनमें से लगभग 1700 से अधिक बच्चों का विभिन्न क्षेत्रों में प्लेंसमेट प्रदान किया गया है।



