पत्थलगांव- जेल अभिरक्षा में भाजयुमो कार्यकर्ता की मौत से गुस्साए भाजपाई इसके खिलाफ आंदोलन करेंगे।
जिला महामंत्री अवधेश गुप्ता व जयपाल सिंह के नेतृत्व में गुरूवार की सुबह धर्मशाला से तहसील कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी और एसडीएम को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की न्यायिक जांच कराने के साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र के निवासी अनुराग सिंह को जेल अभिरक्षा के दौरान तबियत बिगड़ने के बाद उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया था जहां उनकी मौत हो गई।
भाजपा नेता इसे स्वाभाविक मौत मानने से इंकार करते हुए इसे एक हत्या बता रहे हैं।
इसे लेकर भाजपा द्वारा मामले की न्यायिक जांच करने तथा पीड़ित परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की जा रही है।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष जयपाल सिंह राजपूत ने बताया कि जशपुर जिले के लोदाम क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता अनुराग सिंह की जेल अभिरक्षा में हुई रहस्यमयी मौत के संबंध में शासन को न्यायिक जांच करानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
उन्होंने बताया कि मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल के मार्गदर्शन में हुई इस बैठक में आंदोलन किए जाने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने प्रदर्शन में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं से कोरोना काल के मद्देनजर कोविड नियमो का पालन करते हुए मास्क पहनने व सोसिअल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील भी की है।


